बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बकरी द्वारा मकई का खेत चरने को लेकर हुए विवाद में एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना मनियारी थाना क्षेत्र के रतनौली गांव की है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और हालात को देखते हुए कई थानों की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
खेत चरने को लेकर हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रतनौली गांव में सुनैना देवी का विवाद गांव की ही एक महिला से बकरी द्वारा मकई का खेत चरने को लेकर हुआ था। शुरू में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने सुनैना देवी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान सुनैना देवी, पत्नी ज्योतिष सहनी के रूप में की गई है।
कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात
घटना की सूचना मिलते ही मनियारी, कुढ़नी और तुर्की थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एसडीपीओ पश्चिमी-2 एसी ज्ञानी भी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि सुनैना देवी की इतनी बेरहमी से पिटाई की गई कि उसकी जान चली गई। परिजनों का कहना है कि सभी आरोपी बाइक से आए थे और उनकी संख्या आठ से दस के बीच थी। आरोप है कि वारदात के दौरान एक व्यक्ति को बांधकर रखा गया, जबकि अन्य लोगों के साथ मारपीट की गई। परिजनों ने सभी आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
ये भी पढ़ें- Bihar: गंगा किनारे पुलिस व अपराधियों के बीच मुठभेड़, ज्वेलर्स लूटकांड का एक आरोपी गोली लगने से घायल; दो फरार
पुलिस का बयान
एसडीपीओ पश्चिमी-2 एसी ज्ञानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बकरी के खेत में घुसकर मकई चरने को लेकर विवाद हुआ, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। इस मारपीट में महिला की मौत हुई है। मामले में कुल चार लोगों के नाम सामने आए हैं। एक महिला आरोपी चिंता देवी को हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फिलहाल मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
महिला की हत्या को लेकर परिजनों में गुस्सा।

मामले के जांच में जुटी पुलिस टीम।

महिला की हत्या के बाद जांच में जुटी पुलिस, मौके पर मौजूद स्थानीय लोग व परिजन।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.