मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र के गयासपुर गांव में गुरुवार की शाम को दो पट्टीदारों के बीच पहले से चल रहे जमीनी विवाद के चलते हिंसक झड़प हो गई। इस झड़प में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में पुरुष और बुजुर्ग महिलाएं शामिल हैं। कई घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अचानक किया हमला
घायल सुधांशु कुमार ने बताया कि आज दिन में वे घर के बाहर थे, तभी अचानक उनके पट्टीदार लोग लाठी, डंडा और हंसुली लेकर वहां पहुंचे। उन्होंने पहले गाली-गलौज करना शुरू किया और उसके बाद मारपीट शुरू कर दी। झड़प की आवाज सुनकर घर के अंदर काम कर रही महिलाएं भी बाहर आईं, और आरोपियों ने महिलाओं और बुजुर्गों पर भी हमला कर दिया। इस हमले में उनके परिवार के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। कई लोगों के हाथ और सिर पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद वे पारू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
कागजी प्रक्रिया के चलते बढ़ा आरोपियों का गुस्सा
सुधांशु ने बताया कि जमीन के कागजी प्रक्रिया के चलते आरोपियों का गुस्सा बढ़ा और इसी कारण आज यह घटना हुई।
ये भी पढ़ें: बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की मां का निधन, देर शाम होगा अंतिम संस्कार
पुलिस ने क्या बताया?
पारू थाना प्रभारी ने बताया कि गयासपुर गांव में पहले से चल रहे पट्टीदारों के बीच जमीनी विवाद के कारण यह मारपीट हुई। दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.