मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों ने बीजेपी नेता व पूर्व मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के निजी सहायक को गोली मारकर घायल कर दिया। घटना मनियारी थाना क्षेत्र की है, जो देर रात हुई। घायल व्यक्ति की पहचान विनोद दास के रूप में हुई है, जो कुढ़नी प्रखंड के अमरख निवासी और भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वह वर्तमान में कुढ़नी विधायक के निजी सहायक के रूप में कार्यरत हैं।
शादी समारोह से लौटते समय हमला
जानकारी के अनुसार, विनोद दास देर रात एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान सुनसान सड़क पर दो बाइक सवार अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद घायल विनोद दास खुद किसी तरह शहर के बैरिया स्थित निजी अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही विधायक व पूर्व मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता अस्पताल पहुंचे और घायल का हाल जाना। उन्होंने कहा कि यह नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी का बिहार है, अपराधी किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे। जिसने भी वारदात की है, पुलिस उसे गिरफ्तार कर जेल भेजेगी। उन्होंने बताया कि वे भी उसी शादी समारोह में शामिल थे और लौटने के बाद उन्हें सूचना मिली कि उनके सहायक को गोली मारी गई है।
पढ़ें: नवजात गोद में, ऑक्सीजन हाथ में! बिहार के इस जिला अस्पताल की शर्मनाक लापरवाही उजागर
घटना के बाद पुलिस सक्रिय
घायल ने बताया कि अपराधियों ने बिना कुछ कहे अचानक गोली चला दी। पुलिस को सूचना दी जा चुकी है और मनियारी थाना की टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.