बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के बुलंद हौसले एक बार फिर सामने आए हैं। बाइक सवार बदमाशों ने हथियार के बल पर एक कारोबारी से लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दी है। इस घटना में अपराधी कारोबारी की बाइक और 40 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। मामला तुर्की थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस जांच में जुटी हुई है।
तुर्की सरैया पथ पर हुई लूट
घटना तुर्की थाना क्षेत्र के तुर्की सरैया पथ स्थित छाजन गांव के पास की बताई जा रही है। कर में ईस्टर्न स्टेट के पास दो गाड़ियों पर सवार तीन अपराधियों ने एक व्यवसायी को रोक लिया और पिस्तौल की नोक पर उससे अपाचे बाइक और 40 हजार रुपये लूट लिए।
दुकान बंद कर घर लौट रहा था कारोबारी
पीड़ित व्यवसायी धीरज ठाकुर, जो कुढ़नी थाना क्षेत्र के थतिया गांव के निवासी हैं, ने बताया कि वे मिठनपुरा स्थित अपनी दुकान बंद कर मुजफ्फरपुर से अपने घर लौट रहे थे। देर रात मेडिकल कॉलेज से आगे बढ़ने पर कर में ईस्टर्न स्टेट के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें पिस्तौल दिखाकर रोका।
मारपीट के बाद फरार हुए अपराधी
धीरज ठाकुर के अनुसार अपराधियों ने रोकने के बाद उनके साथ मारपीट की और फिर बाइक तथा 40 हजार रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और देर रात आवाजाही को लेकर भय का वातावरण देखा जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही तुर्की थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार अपराधियों की धर-पकड़ के लिए कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही फरार अपराधियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.