शराब तस्कर को पकड़ने गई क्यूआरटी टीम पर ग्रामीणों से हुई झड़प के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। नयारामनगर थाना क्षेत्र के पाटम पूर्वी पंचायत अंतर्गत कन्हैयाचक गांव में शनिवार देर शाम हुई इस घटना के सिलसिले में चार ग्रामीणों सहित एक पुलिस जवान को गिरफ्तार किया गया है। घटना के दौरान छीनी गई पुलिस जवान की पिस्टल की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि शनिवार देर शाम सूचना मिली थी कि मुफस्सिल थाना के हसनपुर क्यूआरटी टीम के बाइक दस्ते के साथ ग्रामीणों ने मारपीट की है। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ अभिषेक कुमार को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा गया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि हसनपुर क्यूआरटी टीम को पाटम की ओर से शराब तस्करी की सूचना मिली थी, लेकिन टीम ने बिना किसी वरीय अधिकारी को सूचना दिए सिविल ड्रेस में छापेमारी की।
पढे़ं: देशभर के वेब जर्नलिस्ट जुटे बिहार में, डिजिटल और सोशल मीडिया की खूबी-चुनौतियों पर चर्चा हुई
छापेमारी के दौरान स्थानीय ग्रामीणों से झड़प हो गई, जिसमें पुलिस जवान सोनू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए तथा उनकी पिस्टल छीनी गई। एसपी ने बताया कि मारपीट के इस मामले में चार लोगों की गिरफ्तारी की गई है, जिनमें एक वार्ड सदस्य मनीष कुमार यादव भी शामिल हैं। इसके अलावा जांच के क्रम में पुलिस जवान सुरेंद्र कुमार की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार किया गया।
एसपी ने कहा कि बिना वरीय अधिकारी को सूचना दिए तथा सिविल ड्रेस में छापेमारी करना गंभीर अनुशासनहीनता है। गिरफ्तार पुलिस जवान के मोबाइल की जांच में अवैध वसूली के प्रयास से संबंधित साक्ष्य भी मिले हैं। घटना में शामिल अन्य तीन पुलिस जवानों से भी पूछताछ की जा रही है और उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.