हेमजापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक प्राइवेट डाक पार्सल वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की. शराब को बेहद शातिर तरीके से ऑफिशियल फाइलों के अंदर खांचा बनाकर छिपाया गया था. शराब माफियाओं के इस कारनामे से पुलिस भी हैरान है.
मिली जानकारी के मुताबिक, हेमजापुर पुलिस द्वारा थाना के सामने चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान जब एक पार्सल वाहन को रोका गया. प्रारंभिक तलाशी में वाहन के कंटेनर से सामान्य पार्सल की सामग्री मिली. लेकिन जैसे ही जांच आगे बढ़ी वाहन के ऊपरी हिस्से में बने टूल बॉक्स की जांच में पुलिस को पांच झोले मिले, जो ऑफिशियल फाइलों से भरे थे.
उपर से फाइल की तरह दिखने वाले सामान की जब जांच की तो पुलिस हैरान रह गई. जांच करने पर पता चला कि हर फाइल में कई खांचे काटकर उनमें विदेशी शराब के 180 एमएल वाले टेट्रा पैक छिपाए गए थे. पुलिस ने कुल 524 पीस विभिन्न ब्रांड के टेट्रा पैक बरामद किए, जिनकी मात्रा 94.32 लीटर पाई गई.
खबर के मुताबिक, गिरफ्तार तस्करों की पहचान मुंगेर के हजरतगंज बाड़ा निवासी मोहम्मद इरफान और पटना के बख्तियारपुर निवासी संतोष कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे उत्तर प्रदेश से शराब लाकर बिहार में सप्लाई करते थे. साख ही, वह कई बार डाक पार्सल वाहन की आड़ में यह काम कर चुके हैं.
दोनों तस्करों के मुताबिक, वाहन पटना से भागलपुर तक पार्सल ले जाता था. इसी दौरान तस्कर मुंगेर में उतरकर शराब की खेप निकाल लेते थे. पुलिस ने वाहन, उसमें मौजूद सभी पार्सल और बरामद शराब को जप्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इसी तरह ऑफिशियल फाइलों में खांचा काटकर शराब तस्करी का मामला सामने आ चुका है. मुंगेर पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश जारी है.
About the Author

न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें