दौसा जिले के मेहंदीपुर बालाजी से मुंबई ईस्ट रीजन की साइबर क्राइम ब्रांच ने छापेमारी कर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपना बैंक खाता महज चंद हजार रुपयों में साइबर ठगों को बेच दिया था, जिसका उपयोग साइबर ठग ठगी में कर रहे थे। ठगाें ने खाते के जरिए मुंबई की एक महिला से 16 लाख 86 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई थी।
मुंबई पुलिस के सब-इंस्पेक्टर हर्षद हिंगे ने बताया कि पीड़िता विनीता मुंबई के मलाड वेस्ट बियानी इलाके में रहती है। उससे कुछ समय पहले साइबर ठगों ने उसके खाते से फ्रॉड कर 16 लाख 86 हजार रुपये उड़ा लिए थे। इसकी शिकायत पर मुंबई ईस्ट साइबर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज हुआ था। जांच के दौरान पता चला कि ठगों ने ठगी की रकम का एक हिस्सा मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र के बंजारा ढाणी उदयपुरा निवासी जितेंद्र बंजारा (30) पुत्र नारायण बंजारा के एयरटेल पेमेंट बैंक खाते में ट्रांसफर की है।
ये भी पढ़ें- आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन ने चीते को कुचला, मादा शावक KG-3 की मौत
ठगों को बेचा था खाता
जांच अधिकारी हर्षद हिंगे ने बताया कि आरोपी ने अपना खाता साइबर ठगाें को बेच दिया था। मुंबई पुलिस की टीम को जैसे ही खाते में एक लाख 69 हजार रुपये आने की सूचना मिली, तुरंत एक्शन लिया। रकम कुछ ही देर में दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी गई थी, लेकिन पुलिस ने लोकल मेहंदीपुर बालाजी पुलिस की मदद से जितेंद्र बंजारा को दबोच लिया। पूछताछ में जितेंद्र ने कबूल किया कि उसने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को महज कुछ हजार रुपयों के एवज में बेच दिया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और ठगी के बाकी सरगनाओं की तलाश में जिले में दूसरी टीम भी अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही है, जिससे और खुलासा होने की उम्मीद है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.