मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मंदसौर में पशुपतिनाथ लोक का लोकार्पण किया। प्रथम चरण में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस लोक के लोकार्पण अवसर पर मुख्यमंत्री ने सबसे पहले पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में पूर्व एवं वर्तमान स्वरूप को दर्शाने वाली चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंदिर परिसर में पालकी में रजत प्रतिमा के रूप में विराजित भगवान पशुपतिनाथ की पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात उन्होंने ई-कार्ट में बैठकर पशुपतिनाथ लोक का भ्रमण किया और इसकी भव्यता की सराहना की। मुख्यमंत्री ने 22 फीट ऊंचे त्रिनेत्र रुद्राकनी का अनावरण भी किया। इसके मध्य स्थापित रुद्राक्ष भगवान शिव के त्रिनेत्र स्वरूप का दिव्य आभास कराता है। एमपी थिएटर परिसर स्थित यज्ञशाला में मुख्यमंत्री ने मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ में पूर्णाहुति दी। पशुपतिनाथ लोक मंदसौर की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जिसे और अधिक भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है। शिवना नदी के तट पर स्थित यह लोक अब पहले की तुलना में अधिक आकर्षक और मनोहारी बन गया है। चार प्रवेश द्वारों के माध्यम से श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित की गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.