सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के बेलड़ा गांव में एक दुकान से मोटर समेत अन्य सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार ने गांव के कुछ लोगों पर चोरी का शक जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बेलड़ा गांव निवासी अनुज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी गांव में पावर शीट कटिंग की दुकान है। यह कारोबार उसने प्रधानमंत्री रोजगार योजना के तहत लोन लेकर शुरू किया था। पीड़ित के अनुसार गांव के ही कुछ लोग उसकी पावर मशीन को वहां से हटाने के लिए कह रहे थे। अनुज कुमार ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उन्हीं लोगों ने उसकी मशीन गायब करने और जान से मारने की धमकी भी दी थी लेकिन उस समय उसने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई।
पीड़ित के मुताबिक शुक्रवार को उसकी दुकान से कटिंग मशीन की मोटर सहित अन्य सामान चोरी हो गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने पहले उसे धमकियां दी थीं उन्हीं पर उसे चोरी का संदेह है। उसने पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।