मैनाठेर थाना क्षेत्र में 13 साल की एक किशोरी से चार लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बना लिया। छह माह तक आरोपियों ने पीड़िता को ब्लैकमेल किया। इस दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई। इसकी जानकारी होने पर मां ने पूछताछ की तो आपबीती सुनाई।
पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। आरोपियों में 70 साल का बुजुर्ग भी शामिल है। पीड़िता के पिता ने मैनाठेर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह गांव के पास ही अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बाग की रखवाली करता है।
करीब छह माह पहले वह मजदूरी करने गया था। उसकी पत्नी खाना बनाने घर चली गई थी। 13 साल की बेटी आम के बाग में मौजूद थी। तहजीब वहां पहुंच गया और उसकी 13 साल की बेटी को तमंचा दिखाकर गन्ने के खेत में ले गया।
आरोपी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और मोबाइल से वीडियो बना लिया। अगले दिन तहजीब ने इस घटना का वीडियो किशोरी को दिखाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। चार दिन के बाद आरोपी तहजीब ने आलम, कल्लू और एक अन्य को बुला लिया।
चारों ने पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। कहीं शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। आरोपी पिछले छह माह से पीड़िता को ब्लैकमेल कर रहे हैं। तबीयत खराब होने पर मां किशोरी को डॉक्टर के पास ले गई तो पता चला कि उसकी बेटी गर्भवती है।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि मैनाठेर थानाक्षेत्र के तख्तपुर अल्ला उर्फ नानकार निवासी तहजीब, आलम, 70 वर्षीय कल्लू और एक अज्ञात के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.