पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मोगा स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पंजाब सरकार द्वारा पेश किए गए बजट पर कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य का खजाना खाली है और कोई बड़ा औद्योगिक क्षेत्र नहीं है, तो सरकार पैसे कहां से लाएगी। जाखड़ ने जोर दिया कि सरकार को पहले आय के स्रोत तैयार करने चाहिए, उसके बाद ही मुफ्त योजनाओं की घोषणा करनी चाहिए। उन्होंने महिलाओं को 1000 रुपये देने की योजना के लिए भी धन के स्रोत पर स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली से आकर पंजाब को लूटा जा रहा है और राज्य में दिल्ली की हुकूमत चल रही है, जो जनता को गुमराह कर रही है। भाजपा अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर सत्ता में आने से पहले किए गए बड़े वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया। उन्होंने 16 मेडिकल कॉलेज बनाने, एक हफ्ते में नशा खत्म करने और गैंगस्टरों पर लगाम लगाने जैसे वादों का जिक्र किया और कहा कि आज पंजाब की स्थिति सबके सामने है। उन्होंने कहा कि ‘आप’ ने पिछली सरकारों पर गैंगस्टर, नशे और कर्ज का आरोप लगाया था, लेकिन पिछले साढ़े चार साल में इस सरकार ने क्या किया, यह जनता देख रही है। उन्होंने स्कूलों में नई इमारतें न बनाने और केवल पुरानी इमारतों को रंगने का काम करने का भी आरोप लगाया। सुनील जाखड़ ने बताया कि 14 मार्च को मोगा के किल्ली चहलां में होने वाली रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पंजाब की जनता को संबोधित करेंगे। उन्होंने दावा किया कि यह रैली पंजाब में बदलाव का संकेत देगी और वर्ष 2027 में भाजपा पंजाब में अपनी सरकार बनाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.