मोगा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिटी साउथ पुलिस ने दो व्यक्तियों को 48 नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई गुरदेव सिंह ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान डी.एम. कॉलेज की बाहरी ग्राउंड के पास दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने घबराहट दिखाई, जिसके बाद शक के आधार पर उन्हें रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर मिली नशीली गोलियां नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से कुल 48 नशीली गोलियां बरामद हुईं। पूछताछ में उनकी पहचान कमलजीत सिंह उर्फ नोनी और बलकार सिंह उर्फ ज्ञानी निवासी गोधेवाला के रूप में हुई। आरोपी बरामद गोलियों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या मेडिकल पर्ची प्रस्तुत नहीं कर पाए। पुलिस ने तत्काल दोनों को हिरासत में लेकर थाना सिटी साउथ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। प्रारंभिक पूछताछ में यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों को ये नशीली गोलियां कहां से मिलीं और वे इन्हें आगे किसे बेचने वाले थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उन्हें भी कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.