मोगा के किशनपुरा मोहल्ला में एक निजी गनमैन की लाइसेंसी बंदूक से अचानक गोली चलने से एक बच्चा घायल हो गया। इस मामले में थाना सिटी साउथ पुलिस ने गनमैन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह घटना गनमैन की लापरवाही और असावधानी के कारण हुई बताई गई है। थाना सिटी साउथ के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह भुल्लर ने बताया कि किशनपुरा मोहल्ला निवासी पुनीत गाबा उर्फ साजी ने अपनी सुरक्षा के लिए हरजिंदर सिंह नामक एक निजी गनमैन रखा हुआ था। हरजिंदर सिंह गांव चड़िक का पूर्व सैनिक है और उसके पास 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक है। घटना के समय गनमैन हरजिंदर सिंह घर के बाहर ड्यूटी पर तैनात था। उसके पास लाइसेंसी हथियार मौजूद था। इसी दौरान उसकी बंदूक से अचानक गोली चल गई। गोली लगने से पुनीत गाबा का बेटा फरहान घायल हो गया।परिवार के सदस्यों ने घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह भुल्लर के अनुसार, पुलिस ने आरोपी गनमैन हरजिंदर सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.