मोगा जिले के बाघापुराना में एक इमीग्रेशन संचालक पर परिवार समेत अमेरिका भेजने का झांसा देकर 1 करोड़ 67 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। इस मामले में संचालक सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता गुरजंट सिंह धालीवाल निवासी बाघापुराना की शिकायत पर ड्रीम बिल्डर इमीग्रेशन के संचालक नवजोत सिंह बराड़, उनकी पत्नी प्रितपाल कौर, पिता कुलदीप सिंह बराड़ (सभी निवासी बाघापुराना), अमृतपाल सिंह निवासी गांव महेशरी और सुखजिंदर कौर निवासी गांव बूईयां जीरा के खिलाफ धोखाधड़ी और कथित मिलीभगत के आरोप में थाना बाघापुराना में मामला दर्ज किया गया है। अमेरिका भेजने के नाम पर की ठगी सहायक थानेदार जसविंदर सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। जिला पुलिस अधीक्षक मोगा को दिए शिकायत पत्र में गुरजंट सिंह धालीवाल ने बताया कि उनके बच्चे विदेश में रहते हैं और वह अपने परिवार के साथ अमेरिका जाना चाहते थे। उन्होंने इमीग्रेशन संचालक नवजोत सिंह बराड़ से संपर्क किया, जिसने उन्हें बिजनेस वीजा पर अमेरिका भेजने का आश्वासन दिया। आरोपी ने परिवार के साथ मिलकर की ठगी नवजोत सिंह बराड़ ने गुरजंट सिंह के पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज ले लिए। इसके बाद उसने किस्तों में कुल 1 करोड़ 67 लाख 8750 रुपए की राशि ले ली। हालांकि, आरोपी ने न तो उन्हें अमेरिका भेजा और न ही पैसे वापस किए। इसके बजाय, वह अपना दफ्तर बंद करके परिवार सहित फरार हो गया। गुरजंट सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपी ने अपने परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर यह धोखाधड़ी की है। जिला पुलिस अधीक्षक मोगा के आदेशों पर डीएसपी बाघापुराना द्वारा इस मामले की जांच की गई। जांच के बाद कथित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन उनकी गिरफ्तारी अभी बाकी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.