मोगा-बाघापुराना रोड स्थित एक धार्मिक डेरे के मुख्य सेवादार असलम खान ने खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले कुछ अज्ञात व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि 31 जनवरी की रात उन्हें जबरन अगवा कर लिया गया और उनसे नकदी, मोबाइल फोन सहित अन्य सामान लूट लिया गया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में असलम खान ने घटना का विवरण दिया। उनके अनुसार, जब वे अपनी स्कूटी पर चंदपुराना गांव से बाघापुराना लौट रहे थे, तभी एक गाड़ी में सवार तीन व्यक्तियों ने उन्हें रोका। इनमें से एक का चेहरा ढका हुआ था और सभी वर्दी में थे। आरोपियों ने असलम खान से वाहन के कागजात (आरसी) मांगे और फिर उन्हें जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया। आरोपियों मे दी जान से मारने का धमकी सेवादार ने बताया कि आरोपी उन्हें सिंघावाला होते हुए सेमनाला बुक्कनवाला के पास ले गए। वहां उन्हें जान से मारने की धमकियां दी गईं। आरोपियों ने उनसे 25 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, एक सोने की अंगूठी और अन्य सामान के अलावा उनकी एक्टिवा भी छीन ली। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। असलम खान ने बताया कि उन्होंने अपने प्रधान से भी इस घटना के बारे में बात की, जिन्होंने कथित तौर पर कहा कि वे “बाबा को स्टाफ लेकर चले हैं।” इस घटना के बाद, असलम खान ने देर रात थाना बाघापुराना पुलिस को लिखित शिकायत पत्र देकर न्याय की मांग की। हालांकि, उनका आरोप है कि पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस संबंध में थाना बाघापुराना के प्रभारी इंस्पेक्टर जतिंदर सिंह ने जानकारी दी कि उन्हें डेरे के मुख्य सेवादार से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इंस्पेक्टर सिंह ने जल्द ही कोई सुराग या सच्चाई सामने आने की संभावना जताई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.