जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत भीर गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के तालाब में एक युवक का शव तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान 22 वर्षीय शिवम साकेत के रूप में हुई है, जो बीते चार दिनों से रहस्यमय ढंग से लापता था। शव मिलने की खबर से पूरे गांव में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह ग्रामीण रोजमर्रा के काम से तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैरते एक शव पर पड़ी। देखते ही देखते खबर गांव में आग की तरह फैल गई और तालाब के आसपास भारी भीड़ जमा हो गई। आशंका जताते हुए ग्रामीणों ने तत्काल नईगढ़ी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही नईगढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। शिनाख्त होने पर पता चला कि शव भीर गांव निवासी शिवम साकेत का है, जो चार दिन पहले अचानक घर से बिना बताए निकल गया था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे लेकिन इस तरह की दुखद खबर की किसी को उम्मीद नहीं थी।
ये भी पढ़ें: Indore Water Contamination: सत्ताधारियों पर भड़के दिग्विजय, महापौर-पार्षदों पर उठाए सवाल, सख्त कार्रवाई की मांग
मृतक के पिता द्वारिकाप्रसाद साकेत ने बताया कि शिवम के लापता होने के बाद रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी खोजबीन की जा रही थी। अब तालाब में शव मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
मौके पर मौजूद प्रधान आरक्षक रामकुमार भास्कर ने बताया कि प्रारंभिक कार्रवाई पूरी कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी भेजा गया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। यह हादसा है, आत्महत्या या फिर किसी अन्य कारण से मौत हुई है, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। मामले ने पूरे क्षेत्र में कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब अब जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.