नर्मदानगर थाना पुलिस ने मुस्कान अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक नाबालिग बालिका को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले से सुरक्षित बरामद किया है। पुलिस ने अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 2 जनवरी 2026 को फरियादी ने चौकी पुनासा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बहन 28 दिसंबर 2025 को बिना बताए घर से चली गई है। परिजनों को आशंका थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर भगा लिया है। इस पर थाना नर्मदानगर में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
तकनीकी मदद से महाराष्ट्र में मिली बालिका तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र) के ग्राम सेकटिया पहुंची, जहां से 5 जनवरी 2026 को नाबालिग बालिका को आरोपी के कब्जे से बरामद किया गया। बरामदगी के बाद बालिका के बयान के आधार पर प्रकरण में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट धाराएं जोड़ी गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी श्रवण कलमे (20) निवासी अंजनियाकला ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी को विशेष न्यायालय खंडवा में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल खंडवा भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका इस कार्रवाई में टीआई विकास खिंची के नेतृत्व में चौकी प्रभारी पुनासा राजेंद्र सयदे, एएसआई बृजकिशोर कश्यप, प्रधान आरक्षक मौजीलाल गौतम, आरक्षक अनिल जाट, नन्हीलाल यादव, साइबर सेल से जितेंद्र राठौर, विक्रम वर्मा व सुनील लांडके की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.