जालंधर के वेस्ट हलके में लगातार सामने आ रही लूट की घटनाओं ने लोगों में डर का माहौल बना दिया है। इसी कड़ी में एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात विपन ज्वेलर्स की दुकान पर सामने हुई है, जहां दो नकाबपोश लुटेरे ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए। पहले उन्होंने चांदी के गहने देखने की बात कही और बड़े आराम से ब्रेसलेट और सेट देखते रहे, ताकि किसी को शक न हो।
पीड़ित ज्वेलर विपन वर्मा के अनुसार, जब दो चांदी के सेट दिखाए जा चुके थे, तब उन्हें युवकों की हरकतों पर शक होने लगा। इसी दौरान उन्होंने बहाने से लुटेरों को अगले दिन आने के लिए कहा। तभी अचानक हालात बदल गए और एक नकाबपोश युवक ने उनकी पत्नी पर पिस्टल तानते हुए धमकी दी कि अगर शोर मचाया तो गोली मार देगा। दुकान में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि, विपन वर्मा ने साहस का परिचय देते हुए लुटेरों का सामना किया और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनते ही आसपास के लोग भी सतर्क हो गए, जिससे घबराए लुटेरे बिना लूट किए ही पैदल मौके से फरार हो गए। घटना के बाद ज्वेलर्स ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर लुटेरों की पहचान की प्रक्रिया तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उनके आधार पर मामला दर्ज कर जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। इलाके में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है।
भाजपा नेता सुशील रिंकू और शीतल अंगुराल ने कहा कि जालंधर वेस्ट में लूटपाट-गोलीकांड आम हो गए हैं। सरकार और पुलिस प्रशासन से लोगों ने सुरक्षा की उम्मीद छोड़ दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.