रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र अंतर्गत परानडीहरा गांव में रविवार को एक विवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान गांव निवासी राजकुमार राम की पत्नी सुनैना कुमारी के रूप में हुई है। वह एक पुत्र और एक पुत्री की मां थी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल है।
जहर खाने के बाद बिगड़ी हालत
जानकारी के अनुसार, पारिवारिक कलह के बीच सुनैना कुमारी ने रविवार की शाम अचानक जहर की गोली खा ली। इसके बाद उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल करगहर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल सासाराम रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मायके पक्ष ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
मृतका के भाई रामायण राम, निवासी मौना तरांव गांव, थाना नासरीगंज, ने बताया कि लगभग चार वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी बहन सुनैना की शादी परानडीहरा गांव निवासी सुरेश राम के पुत्र राजकुमार राम से की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पति, सास और ससुर द्वारा सुनैना को लगातार पारिवारिक कलह के नाम पर मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। कई बार समझाने के प्रयास किए गए, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
पुलिस जांच में जुटी, परिजन हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही करगहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। करगहर थानाध्यक्ष कमल नयन पांडेय ने बताया कि मृतका के भाई की ओर से जहर खाकर आत्महत्या की सूचना दी गई है। पुलिस ने पति, सास और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका के भाई के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.