पंजाब के मानसा जिले में पैसों के लेन-देन के विवाद से परेशान एक युवा किसान ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। उसकी मौत के बाद उसके परिवार ने पुलिस चौकी के बाहर धरना प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मृतक मानसा जिले के गांव हसनपुर के रहने वाले दविंदर सिंह का पार्टनर से विवाद था। इसको लेकर वह काफी परेशान था। जान देने से पहले उसने एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर डाली थी ठेके की जमीन पर पार्टनर ने दिया धोखा परिवार के अनुसार, दविंदर सिंह ने जमीन ठेके पर लेने के मामले में अपने एक पार्टनर पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। बताया जा रहा है कि दविंदर सिंह ने जमीन के ठेके के लिए अपना ट्रैक्टर और जमीन बेचकर जमीन मालिक को पैसे दिए थे, लेकिन पार्टनर ने पैसे वापस नहीं किए। परिवार का आरोप है कि जब दविंदर सिंह ने अपने पैसे मांगे तो उसके साथ मारपीट की गई और उसे अपमानित भी किया गया। घटना से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया था, जिसमें उसने पूरे मामले के बारे में बताया था। इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार और किसानों ने नरेंद्रपुरा पुलिस चौकी के बाहर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान परिवार के सदस्यों और किसान नेताओं ने मांग की कि युवक को इस स्थिति तक पहुंचाने वाले लोगों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और परिवार को न्याय मिले। एक ही परिवार के तीन लोगों के खिलाफ केस नरेंद्रपुरा पुलिस चौकी के इंचार्ज राजविंदर सिंह ने बताया कि यह मामला जमीन ठेके और पैसों के लेन-देन के विवाद से जुड़ा है। मृतक के भाई के बयान के आधार पर बरनाला गांव के बलकरण सिंह, बलकरण सिंह के पिता सुखविंदर सिंह और उसकी मां परमजीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी बलकरण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द ही कर ली जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.