नशा तस्करी के आरोप में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने शनिवार को 10 लाख के इनामी बिहार के गोपालगंज के मनोज उर्फ भुटेली को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने करीब 2 साल 9 माह पहले आठ लाख की चरस रोहतक भेजी थी। रिमांड पर लेने के लिए आरोपी को पुलिस ने अदालत में पेश किया लेकिन रिमांड नहीं मिल सका।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मई 2023 में पुलिस को सूचना मिली कि बिहार का एक व्यक्ति जींद के गांव कलिंगा, हाल में करतारपुरा निवासी राजबीर सिंह को भारी मात्रा में नशीला पदार्थ देने पुराना बस अड्डे के नजदीक गली में आएगा। पुलिस ने दबिश देकर दो लोगों को गिरफ्तार किया। बिहार से आए युवक की पहचान बिहार के गोपालगंज जिले के गांव बगहा निवासी धर्मेंद्र के तौर पर हुई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मदद से बरामद पीठू बैग की तलाशी ली तो उसमें 8 किलो 100 ग्राम चरस मिली जिसकी कीमत उस समय आठ लाख रुपये के करीब थी।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि बिहार से यह चरस मनोज ऊर्फ भुटेली ने भेजी है। आरोपी राजबीर व धर्मेंद्र को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया था लेकिन मनोज उर्फ भुटेली अब पुलिस के हाथ आया है। उसे गुरुग्राम से रोहतक की स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने एसटीएफ भौंडसी की मदद से काबू कर लिया।
मोबाइल फोन बरामद करने के लिए नहीं मिली रिमांड
नारकोटिक्स की टीम ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड मांगा। कहा कि आरोपी से वह मोबाइल फोन बरामद किया जाना है जिससे वह आरोपियों के संपर्क में था। दोनों पक्षों की बहस के बाद कोर्ट ने रिमांड देने की मंजूर नहीं दी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.