मनाली के प्रीणी में शनिवार दोपहर एक खोखे में भीषण आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग की मुस्तैदी के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और आसपास की करीब 50 लाख रुपए की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और घटना के पीछे की वजहों की जांच जारी है। यह खोखा मनाली के बुरुआ निवासी अमर चंद का था, जिसे उन्होंने कबाड़ी का काम करने वाले प्रवासी परिवारों को किराए पर दिया था। लकड़ी और टीन से बने इस खोखे को पांच कमरों में विभाजित किया गया था, जहाँ पांच परिवार रहते थे। आग लगने के समय सभी लोग बाहर थे, जिससे किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। अग्निशमन अधिकारी सरनपत ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुँच गए थे। हालांकि, आग इतनी तेज थी कि खोखे के भीतर रखा लगभग 2 लाख रुपए का सामान पूरी तरह जल गया। विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इसे आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोका।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.