लुधियाना में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में पंजाब पुलिस के जवान की मौत हो गई।
मॉर्निंग वॉक पर निकले जवान को एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। ट्रक के टायर की चपेट में आने से पुलिसकर्मी का सिर बुरी तरह कुचल गया और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान 50 वर्षीय तरसेम सिंह के रूप में हुई है, जो लुधियाना कोर्ट परिसर में तैनात एक न्यायधीश की सुरक्षा में तैनात थे। वारदात के बाद आरोपी चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, तरसेम सिंह रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे पुलिस क्वार्टर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। जब वह गर्ल्स कॉलेज के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि तरसेम सिंह सड़क पर मुंह के बल गिरे और ट्रक उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। हादसे में उनके शरीर का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों टांगें भी टूट गईं।
राहगीरों की सूचना पर थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने लहूलुहान शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वारदात को अंजाम देकर फरार हुए ट्रक चालक का सुराग लगाने के लिए पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही ट्रक के नंबर और आरोपी चालक की पहचान कर ली जाएगी। शहर के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर भी नाकेबंदी कर अलर्ट जारी किया गया है। जवान की अचानक मौत से पुलिस विभाग और उनके परिवार में शोक की लहर है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.