लुधियाना बठिंडा राजमार्ग पर एयरफोर्स स्टेशन हलवारा के डोमेस्टिक कैंप गेट के सामने ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। बुधवार रात 9 बजे के करीब हुए इस हादसे में मनदीप वर्मा निवासी पक्खोवाल की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रक मनदीप को कुचल कर उसके शव को घसीटते हुए ले गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक और उसका साथी हलवारा गांव की तरफ भाग निकले जिन्हें स्थानीय लोगों ने पीछा करके पकड़ लिया और सुधार पुलिस के हवाले कर दिया। सेना स्थल गेट के सामने दुकान करने वाले पुनीत गुलाटी ने बताया कि बाइक सवार मनदीप वर्मा मुल्लांपुर की तरफ से हलवारा जा रहा था कि सुरक्षा कारणों से सेना द्वारा पीडब्ल्यूडी विभाग की मदद से सड़क पर लगाए स्पीड ब्रेकर से टकराने के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ गया और मनदीप सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रहा तेल से भरा ट्रक टैंकर उसे कुचल कर दूर तक घसीटते ले गया। मनदीप वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
मनदीप के नजदीकी रिश्तेदार अश्वनी कुमार निवासी हलवारा ने बताया कि मनदीप पक्खोवाल में सुनार की दुकान चलाता था। बुधवार शाम वह अपने भाई के ससुराल मुल्लांपुर गया था और रात नाै बजे के करीब वहीं से वापस आ रहा था। हादसे से कुछ मिनट पहले ही उसका फोन आया था कि वह 30-35 मिनट में हलवारा पहुंच जाएगा, लेकिन फिर उसकी माैत की खबर आई।
मनदीप अपनी पीछे पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे को छोड़ गया है। सड़क सुरक्षा फोर्स के जवान आकाशदीप सिंह ने बताया कि मृतक मनदीप वर्मा का शव सुधार अस्पताल में रखा गया है। थाना सुधार के प्रभारी गुरदीप सिंह ने बताया कि ट्रक ड्राइवर और उसके साथी को हिरासत में लिया गया है, उनके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है, ट्रक और बाइक भी कब्जे में ली है ।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.