सुनाम-लहरागागा मुख्य मार्ग पर एक सड़क हादसे में गांव खड़ियाल कोठे के एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब एक कार को ओवरटेक करने के प्रयास में दो अन्य वाहन आपस में टकरा गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
शादी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गांव कोठे खड़ियाल निवासी अमृतपाल सिंह (32) पुत्र सुखविंदर सिंह, अपने मित्र हरदीप सिंह उर्फ पप्पनी के साथ गांव लदाल में एक रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब एक बजे जब वे अपनी कार से वापस घर लौट रहे थे, तो गांव छाजला के पेट्रोल पंप के पास यह हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि सामने से आ रही एक तेज रफ्तार रिट्ज कार ने एक निजी स्कूल वैन को ओवरटेक करने की कोशिश की। इस दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे अमृतपाल की गाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे से आ रही स्कूल वैन भी अमृतपाल की कार से टकरा गई। इस ट्रिपल एक्सीडेंट में अमृतपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बैठा हरदीप सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घटना के बाद घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छाजली थाने के सहायक थानेदार दर्शन सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अमृतपाल की मौत की खबर मिलते ही गांव खड़ियाल कोठे में शोक की लहर दौड़ गई। वह अपने परिवार का सहारा था।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.