रायकोट के सिमर होटल के एक कमरे में गांव जलालदीवाल के युवक ने आत्महत्या कर ली है। युवक की पहचान गुरबीर सिंह उर्फ कमल मराहड के रूप में हुई है।
रविवार रात कमल अपने कई दोस्तों के साथ शराब पार्टी करता रहा। देर रात अपनी कार में दोस्तों को गांव जलालदीवाल छोड़ कर दोबारा होटल के कमरे में आ गया।
जानकारी के अनुसार परिवार ने कमल की शादी तय कर दी थी। 16 जनवरी को ही उसकी शादी होनी थी। शादी की तारीख तय होने के बाद से ही कमल परेशान रहने लगा था। उसके दोस्तों ने बताया कि कमल हमेशा रोता रहता था। सोमवार तड़के कमल ने अपनी आधिकारिक पिस्तौल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
बताया गया है कि कमल सिमर होटल में हमेशा आता था और दोस्तों के साथ महफिल जमाता था, लेकिन शादी तय होने के बाद से बहुत दुखी था। कमल का वजन भी बहुत ज्यादा होने के कारण भी वो दुखी रहता था और दोस्तों से इसके इलाज के बारे में बात करता रहता था। रायकोट सिटी पुलिस मौके पर पहुंच गई है। रायकोट के बरनाला चौक स्थित सिमर होटल में कमल गांव से वापस आकर क्यों ठहरा था, ये सवाल खड़ा हो गया है। जलालदीवाल गांव चंद किलोमीटर की दूरी पर है।
डीएसपी रायकोट हरजिंदर सिंह, थाना सिटी प्रभारी गुरसेवक सिंह घटनास्थल पर जांच में जुट गए हैं। डीएसपी हरजिंदर सिंह ने कहा कि घटनास्थल वाले कमरे को सील किया गया है। किसी के भी वहां जाने पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.