डूंगरपुर जिले के रामसागड़ा थाना पुलिस ने 20 दिन पहले हुए चाकू हमले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने घर में सो रहे एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
रामसागड़ा थानाधिकारी गोपालनाथ ने बताया कि ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत वांछित और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह गिरफ्तारी हुई। धमलात फला निवासी मोहनलाल (25) पुत्र रामलाल तराल ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार 14 नवंबर को मोहनलाल अपनी पत्नी रंजना तराल और बच्चों के साथ घर की पड़साल में सोए हुए थे। रात करीब 12 बजे सुराता निवासी कमलेश (23) पुत्र नानजी ननोमा अपने कुछ साथियों के साथ गाड़ी लेकर मोहनलाल के घर पहुंचा। कमलेश घर में घुस गया और मोहनलाल के साथ मारपीट शुरू कर दी।
सोते समय चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया जब मोहनलाल खाट पर सो रहे थे, तभी कमलेश ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू मोहनलाल की पीठ और शरीर के कई हिस्सों पर लगे, जिससे वे लहूलुहान होकर नीचे गिर पड़े और चिल्लाने लगे। उनकी पत्नी के चिल्लाने पर आसपास के लोग दौड़कर आए। मोहनलाल को मरा हुआ समझकर कमलेश और उसके साथी गाड़ी लेकर फरार हो गए। मोहनलाल तराल को गंभीर हालत में डूंगरपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक उनका इलाज चला। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने आरोपी कमलेश की तलाश करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.