पठानकोट जिले में भी पंजाब-हरियाणा बार काउंसिल चुनाव के लिए मतदान बुधवार 18 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। पठानकोट के मलिकपुर स्थित ज्यूडिशियल कोर्ट परिसर की दूसरी मंजिल पर स्थित बार रूम में मतदान केंद्र संख्या 54 बनाया गया है। इस मतदान केंद्र पर कुल 595 मतदाता (वकील) अपने मत का प्रयोग करेंगे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी प्रशासनिक और पुलिस संबंधी उचित प्रबंध किए गए हैं। मतदान केंद्र पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। लाइव वेबकास्टिंग पर भी विचार किया जा रहा है। मतदान केंद्र पर माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं, जो इन चुनावों के रिटर्निंग ऑफिसर और उच्च स्तरीय चुनाव समिति की सीधी निगरानी में अपने कर्तव्यों का पालन करेंगे। मतदान के लिए 5 दस्तावेजों को ही मान्यता
डिप्टी कमिश्नर डा. पल्लवी ने बताया कि मतदान के लिए केवल 5 दस्तावेजों को ही मान्यता दी गई है, जिन पर फोटो लगी हो। इनमें बार काउंसिल द्वारा जारी पहचान पत्र, एनरोलमेंट प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट और मतदाता फोटो पहचान पत्र शामिल हैं। कानून व्यवस्था को भंग करने वाली गतिविधि बर्दाश्त नहीं – डीसी
डिप्टी कमिश्नर डा. पल्लवी ने कहा कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था को भंग करने वाली किसी भी प्रकार की गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस विभाग को मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए गए हैं, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सकें। उन्होंने बार एसोसिएशन के सदस्यों और वकील समुदाय से अपील की कि वे चुनाव प्रक्रिया के दौरान अनुशासन और आपसी भाईचारे की भावना बनाए रखें और लोकतांत्रिक मर्यादा का पालन करते हुए 18 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
मतदान संपन्न होते ही चंडीगढ़ रवाना होगी सामग्री
डिप्टी कमिश्नर डा. पल्लवी ने बताया कि मतदान संपन्न होने के तुरंत बाद मतपेटियों सहित चुनाव से संबंधित सभी सामग्री उसी दिन पुलिस सुरक्षा में पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय चंडीगढ़ में जमा करवाई जाएगी। बताया कि मतगणना पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय चंडीगढ़ में की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.