मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी नगर में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। सनशाइन स्कूल के मैदान में दबे नर कंकाल के अवशेष मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह कंकाल पिछले वर्ष अगस्त से लापता प्रिंस बाल्मीकि का है, जिसकी हत्या उसकी पत्नी के प्रेमी ने पत्थर से कुचलकर कर दी थी।
गुमशुदगी की जांच में खुला हत्या का राज
पुलिस के अनुसार, सागर निवासी प्रिंस बाल्मीकि देवरी में अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। 20 अगस्त 2025 को वह अचानक लापता हो गया था, जिसकी गुमशुदगी उसकी पत्नी ने देवरी थाने में दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी और देवरी निवासी सोहेब खान के बीच अवैध संबंधों की जानकारी मिली। देवरी थाना में पदस्थ उपनिरीक्षक समरथ सीनम ने बताया कि इसी एंगल से जांच आगे बढ़ाई गई, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
शराब पिलाकर की हत्या, शव दबाकर मिटाए सबूत
पुलिस पूछताछ में आरोपी सोहेब खान ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। उसने बताया कि 20 अगस्त को वह प्रिंस को मोटरसाइकिल पर बैठाकर सनशाइन स्कूल के पास ले गया था। वहां दोनों ने शराब पी, जिसके बाद आरोपी ने पत्थरों से प्रिंस का सिर कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को स्कूल परिसर के पास एक गड्ढे में दबा दिया गया और ऊपर से नमक व कचरा डाल दिया गया, ताकि शव जल्दी नष्ट हो जाए। आरोपी घटना के बाद लंबे समय तक उस स्थान की निगरानी करता रहा।
इंस्टाग्राम वीडियो से सामने आया प्रेम प्रसंग
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी और मृतक की पत्नी के बीच आपत्तिजनक वीडियो, कॉल डिटेल्स और सोशल मीडिया चैट्स मिले हैं। इंस्टाग्राम पर मौजूद वीडियो में दोनों के बीच नजदीकी संबंध स्पष्ट नजर आ रहे हैं, जिन्हें हत्या की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
अस्पताल से फरार होने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपी गुजरात भाग गया था। हाल ही में लौटते समय करेली के पास उसका ट्रैक्टर से एक्सीडेंट हो गया, जिसमें उसके कंधे में फ्रैक्चर आ गया। इलाज के दौरान जब उसे पुलिस की तलाश की जानकारी मिली, तो वह अस्पताल से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें- MP: आरक्षक की पत्नी की संदिग्ध मौत, 11 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद; पति के महिला SI से कथित संबंध की चर्चा तेज
नर कंकाल बरामद, डीएनए जांच होगी
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जमीन खुदवाकर नर कंकाल के अवशेष खोपड़ी, पसलियां और हाथ की हड्डियां बरामद कर ली हैं। अवशेषों की पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी फिलहाल सूरत में है, जिसकी लोकेशन ट्रेस कर ली गई है। उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। देवरी थाने के उपनिरीक्षक समरथ सीनम ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला अवैध संबंधों के चलते की गई हत्या का प्रतीत होता है। अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
मृतक प्रिंस बाल्मीकि

मृतक प्रिंस बाल्मीकि

मृतक प्रिंस बाल्मीकि
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.