केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 25 दिसंबर को प्रस्तावित रीवा दौरे में बड़ा बदलाव किया गया है। शहर के अटल पार्क में प्रस्तावित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को प्रशासनिक कारणों से रद्द कर दिया गया है। अब गृह मंत्री का पूरा कार्यक्रम बसावन मामा गोवंश ग्राम और वहां आयोजित किसान सम्मेलन पर केंद्रित रहेगा।
दौरे से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में आईजी गौरव राजपूत, कलेक्टर प्रतिभा पाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए।
ये भी पढ़ें- अमित शाह का एमपी दौरा: ग्वालियर में अभ्युदय मध्य प्रदेश ग्रोथ समिट में होंगे शामिल, रीवा से भी देंगे कई सौगात
गोशाला का मॉडल देखेंगे, किसानों से करेंगे संवाद
तय कार्यक्रम के मुताबिक अमित शाह सीधे बसावन मामा गोवंश ग्राम पहुंचेंगे। यहां वे प्राकृतिक खेती के मॉडल और गोशालाओं में किए जा रहे नवाचारों का अवलोकन करेंगे। इसके बाद परिसर में आयोजित विशाल किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे। गृह मंत्री किसानों को जैविक खेती, गोपालन और आय बढ़ाने के उपायों पर मार्गदर्शन देंगे।
4 लाख सालाना कमाई करने वाला अनोखा गो-अभयारण्य
रीवा का बसावन मामा गोवंश वन्य विहार अपने आप में एक अनूठा और आत्मनिर्भर मॉडल है। करीब 13 से 35 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस गो-अभयारण्य में हजारों निराश्रित गायों को आश्रय मिलता है। यहां गोबर और गोमूत्र से वर्मी कम्पोस्ट, गो-नायल (फिनाइल), हैंडवॉश और टॉयलेट क्लीनर जैसे उत्पाद तैयार किए जाते हैं। इससे अभयारण्य को सालाना करीब 4 लाख रुपये की आय हो रही है, साथ ही स्थानीय ग्रामीणों और स्व-सहायता समूहों को रोजगार भी मिल रहा है।
कई दिनों से चल रही तैयारियां
अमित शाह के दौरे को लेकर पिछले कई दिनों से अधिकारी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.