बिलासपुर में 34 ग्राम हीरोइन बरामदगी केस मामले मे पंजाब से मुख्य सप्लायर को बिलासपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा किया है। दरअसल नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 34 ग्राम हीरोइन बरामदगी के मामले में जांच आगे बढ़ाते हुए अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क के मुख्य सप्लायर को पंजाब से गिरफ्तार किया है। बता दे की कुछ दिनों पहले बिलासपुर के चकरभाठा थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मोहित हिंदुजा, करणदीप सिंह और रजिंदर कुमार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 34 ग्राम हीरोइन जब्त की थी।
पूछताछ में पता चला कि करणदीप सिंह दूसरे राज्य से हीरोइन लाकर मोहित हिंदुजा को सप्लाई करता था जिसे रजिंदर कुमार के साथ मिलकर ऊंची कीमत पर बेचा जाता था। तीनों आरोपियों को जेल भेजने के बाद पुलिस ने सप्लाई चेन की गहन जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को मुख्य सप्लायर के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर पुलिस टीम पंजाब के तरनतारन जिला पहुंची, जहां खेमकरण थाना क्षेत्र से बाला उर्फ बलराम सिंह सनियारे (उम्र 63 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार,आरोपी का निवास स्थान पाकिस्तान की सीमा से महज 200 मीटर की दूरी पर है।अंदाजा यही लगाया जा रहा है की सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थ पंजाब में गिराए जाते हैं, जिन्हें बाद में देश के विभिन्न राज्यों में सप्लाई किया जाता है। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल मुख्य आरोपी को बिलासपुर लाया जा रहा है जहां उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.