मधुबनी के बिस्फी थाना क्षेत्र के पाखरौनी गांव में एक अज्ञात बाइक की टक्कर से 28 वर्षीय युवक विजय साहनी की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सोमवार दोपहर सदर अस्पताल मधुबनी भेजा। यह घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। मृतक की मां ने सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में बताया कि विजय साहनी घर के बाहर सड़क पर टहल रहा था। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात बाइक चालक ने उसे टक्कर मारी और फरार हो गया। घायल अवस्था में विजय को पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिस्फी में भर्ती कराया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बिस्फी थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने सोमवार दोपहर जानकारी दी कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस घटना की जांच-पड़ताल कर रही है और टक्कर मारकर फरार हुए बाइक चालक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.