लुधियाना में दो झपटमारों ने एक बच्चे के गले से सोने की चैन निकाली। बच्चे ने हल्ला किया तो एक झपटमार मौके से फरार हो गया जबकि दूसरे को पब्लिक ने दबोच लिया। पब्लिक ने झपटमार की जमकर धुनाई की और उसके अर्द्धनग्न किया। घटना शुक्रवार दोपहर बाद करीब तीन बजे की है। एक बच्चा शेरपुर के नजदीक खोका मार्केट में से निकल रहा था। उसके गले में सोने की चैन थी। दो झपटमार उसका पीछा करने लगे। कुछ दूरी पर जाते ही उन्होंने बच्चे को घेर लिया। झपटमारों ने बच्चे के गले से चैन निकाली। इस दौरान बच्चा जोर से चिल्लाया जिसकी वजह से आसपास के लोग वहां पहुंच गए। एक आरोपी वहां से फरार हो गया जबकि दूसरे को पब्लिक ने पकड़ लिया। आरोपी ने पब्लिक के सामने स्वीकार किया कि उसके साथी ने बच्चे के गले से सोने की चैन निकाली है और वो मौके से फरार हो गया। उसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस पकड़े गए आरोपी को अर्द्धनग्न हालत में थाने ले गई। पब्लिक काे लगा बच्चे को किडनैप कर रहे हैं पब्लिक का कहना है कि जब बच्चा जोर से चिल्लाया तो उन्हें लगा कि आरोपी उसे उठाकर ले जा रहे हैं। जब बच्चे से पूछा तो उसने बताया कि उसके गले में से चैन निकालकर ले गए। पब्लिक ने पकड़े गए आरोपी से पूछा तो उसने कहा कि चैन दूसरा लेकर चले गया है। आरोपी की जेब से निकला नशा पब्लिक ने जब आरोपी की तलाशी ली तो उसकी जेब से नशा, सीरिंज व अन्य सामान बरामद हुआ। आरोपी ने पब्लिक के सामने माना कि वो नशा करते हैं। पब्लिक का आरोप है कि जब उसे पकड़ा गया तो भी वह नशे में था। आरोपी को थाने ले गई पुलिस थाना मोती नगर के एसएसचओ भूपिंदर सिंह का कहना है कि उन्हें सूचना मिली थी कि पब्लिक ने एक झपटमार को पकड़ा है। उन्होंने बताया कि तुरंत पुलिस को मौके पर भेजा और झपटमार को हिरासत में ले लिया है। अब बच्चे की मां के बयान लिए जा रहे हैं और उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपी का जो साथी फरार है उसे भी जल्दी ही हिरासत में ले लिया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.