लुधियाना में मां की मौत हुई तो बाप ने उसकी कोख से जन्मे बच्चे को मनहूस करार दे दिया। इसके बाद वह पत्नी की डेडबॉडी ले गया लेकिन कलेजे का टुकड़ा कही जाती अपनी ही नवजन्मे बच्चे की लाश मनहूस कहकर वहीं छोड़ दी। करीब एक महीने तक बच्चे का शव अंतिम विदाई के लिए अस्पताल में पड़ा रहा। इसके बाद पुलिस ने उसके दादा-दादी को ढूंढा, जिसके बाद बच्चे का शव उनको सौंपा गया। जिसके बाद दादा-दादी ने बच्चे को अंतिम विदाई दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी बाप के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। अस्पताल के रिकॉर्ड से उसका पता निकलवाकर उसके बारे में पता किया जा रहा है। सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… डिलीवरी के लिए लाई गई महिला, पहले मां, फिर बच्चे ने दम तोड़ा
सिविल अस्पताल के डॉक्टर रोहित ने बताया कि करीब एक महीने पहले ममता नाम की महिला को डिलीवरी के लिए भर्ती कराया गया था। डिलीवरी के दौरान महिला की मृत्यु हो गई। हालांकि उसके पेट से जन्मा बच्चा तब पूरी तरह से सुरक्षित था। डॉक्टरों ने एहतियात के तौर उसे तुरंत निगरानी में रख लिया। डॉक्टर ने आगे बताया कि कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। मां की मौत के अगले ही दिन नवजन्मे बच्चे ने भी दम तोड़ दिया। पिता को बताया तो बोला- ये मनहूस, लाश वहीं छोड़ गया
इसके बाद अस्पताल के स्टाफ ने तुरंत उसके पिता को सूचना दी। डॉक्टर ने कहा कि जब स्टाफ ने पिता को बताया तो उसने बच्चे को अपनी पत्नी की मौत का जिम्मेदार मानते हुए उसे मनहूस कह दिया। स्टाफ के सामने ही वह बच्चे को लेकर भला-बुरा कहता रहा। इसके बाद वह अपनी पत्नी की लाश तो ले गया लेकिन मासूम बेटे को वहीं लावारिस छोड़ गया। पिता के ठुकराने के बाद पुलिस ने दादा-दादी को ढूंढा
डॉक्टर के मुताबिक पिता द्वारा ठुकराए जाने के बाद बच्चे के शव को सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। अस्पताल की तरफ से तुरंत लोकल पुलिस को इसकी सूचना दी गई। फोकल प्वाइंट पुलिस ने वारिसों की तलाश शुरू की। एक महीने की कड़ी मशक्कत और जांच के बाद पुलिस बच्चे के दादा-दादी तक पहुंचने में कामयाब रही। दादा-दादी पहुंचे तो हर आंख भर आई
डॉक्टर ने बताया कि जब दादा-दादी को इस बात का पता चला तो वे अस्पताल पहुंचे। बच्चे की हालत देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें भर आईं। पुलिस की मौजूदगी में दादा-दादी ने बच्चे के शव को लिया और उसकी अंतिम रस्में पूरी कीं। डॉक्टर ने कहा कि यह बेहद दुखद था। बच्चा स्वस्थ पैदा हुआ था लेकिन अगले दिन उसकी मौत हो गई। पिता का व्यवहार समझ से परे था। पुलिस ने लगातार फॉलोअप किया जिसके बाद आज इस मासूम को सम्मानजनक विदाई मिल सकी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.