नवादा में चाइल्डलाइन और वन स्टॉप सेंटर के संयुक्त प्रयास से एक भटकी हुई महिला को उसके परिवार से मिलाया गया। सोनी देवी नामक यह महिला भटकते हुए नवादा पहुंच गई थी, जिसे पुलिस ने देर रात कलेक्ट्रेट गेट के पास से बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस गश्ती दल को सोनी देवी रात करीब 1:30 बजे प्रजातंत्र चौक स्थित नवादा समाहरणालय के गेट पर मिलीं। इसके बाद सुबह करीब 8 बजे सदर थाना की पुलिस ने उन्हें चाइल्ड हेल्पलाइन नवादा के हवाले कर दिया।
चाइल्डलाइन द्वारा महिला की मेडिकल जांच कराई गई और फिर उन्हें बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के निर्देश पर महिला को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया। हालांकि नियम के अनुसार वन स्टॉप सेंटर में विक्षिप्त महिलाओं को रखने का प्रावधान नहीं है, फिर भी मानवता के आधार पर केंद्र प्रशासक राजकुमारी और केस वर्कर रजनी कुमारी ने महिला की काउंसलिंग की।
काफी प्रयास के बाद काउंसलिंग के दौरान महिला ने अपने पति का नाम धुरी चौधरी तथा गांव का नाम सचौल, पोस्ट सचौल, थाना हिसुआ, जिला नवादा बताया। इसके बाद केंद्र प्रशासक ने हिसुआ थाना से संपर्क कर गांव के सरपंच के माध्यम से महिला के पति से बात करवाई। महिला की स्थिति को देखते हुए पति ने स्वयं आकर पहचान करने की बात कही।
पीड़िता के पति जब वन स्टॉप सेंटर पहुंचे तो पत्नी और बच्चे को सुरक्षित देखकर भावुक हो उठे। घर लौटने के लिए उनके पास कोई साधन नहीं था, जिस पर वन स्टॉप सेंटर की गाड़ी से महिला और उसके परिवार को सुरक्षित उनके गांव तक पहुंचाया गया।
इस पूरे कार्य में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक राजकुमारी, केस वर्कर रजनी कुमारी और चाइल्ड हेल्पलाइन काउंसलर सतीश कुमार की अहम भूमिका रही।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.