अभी तक प्रदेशवासियों को सूखी ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मगर, 30 दिसंबर को सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर से नए साल में बूंदाबांदी की संभावना है। ऐसे में नए साल में प्रदेशवासियों को हाड़कंपाने वाली ठंड का सामना करना पड़ेगा। वहीं, भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश में शीतलहर और कोहरा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है।
मौसम विशेषज्ञ डॉक्टर चंद्रमोहन ने बताया कि एक के बाद एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में वातावरण में अस्थिरता बनी हुई है। नमी के कारण सुबह कोहरा देखने को मिल रहा है। इस दौरान रात्रि तापमान में हल्की बढ़त, जबकि दिन के तापमान में हल्की गिरावट आ रही है। शुष्क उत्तरी पश्चिमी तेज़ गति की हवाएं चलने से कोहरा छंट जाता है और रात के तापमान में गिरावट जाती है। इन विक्षोभ में अंतराल कम होने के कारण ये ठंड के तेवरों को भी ढीला कर रहे हैं।
अभी भी एक कमजोर श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके असर से शुक्रवार को हल्की बादलवाही व तराई वाले क्षेत्रों में हल्का कोहरा छाया रहा। इस दौरान नारनौल में अधिकतम तापमान 18.0 डिग्री व न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि प्रदेश में सबसे कम रहा। इस तरह से नारनौल में दिन व रात प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
शनिवार को यह विक्षोभ आगे निकल जाएगा। चूंकि अभी वातावरण में नमी की मात्रा ज्यादा है तो हवाएं नहीं चलने से सुबह कोहरा छा सकता है। इसके बाद 27 दिसंबर से एक और कमजोर श्रेणी का विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे तापमान में बदलाव आएगा। फिर 30 दिसंबर को एक मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ आएगा, जिसके प्रभाव से बूंदाबांदी की संभावना है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.