जंगल के बीच रात बिताने का खास मौका
बेतला नेशनल पार्क झारखंड के लातेहार जिले में स्थित है और यह पलामू टाइगर रिजर्व का हिस्सा है. यहां आने वाले पर्यटकों को जंगल सफारी के जरिए कोर एरिया में विचरण कर रहे जंगली जानवरों को देखने का अवसर मिलता है. जंगल के बीच रात बिताने का अनुभव पर्यटकों के लिए बेहद खास और रोमांचक साबित होता है.
कितना है कॉटेज का किराया
बेतला नेशनल पार्क के टूरिज्म ऑफिसर विवेक तिवारी ने लोकल 18 को बताया कि पार्क के अंदर 10 ट्री हाउस उपलब्ध हैं, जिनकी संख्या 101 से 110 तक है. वहीं, कॉटेज 201 से 208 तक बनाए गए हैं. ट्री हाउस का किराया 2500 रुपये है, जबकि कॉटेज का किराया 3000 रुपये है. कॉटेज में ट्री हाउस से अधिक सुविधा है, जहां आपको दो बालकनी और एक लिविंग रूम भी मिलता है. वहीं ट्री हाउस में एक रूम और बालकनी की सुविधा है. सबसे खास बात यह है कि बालकनी बेतला के जंगलों की ओर खुलती है.
जंगल को बेहद करीब से देखने का अनुभव
कॉटेज में दो बालकनी, एक अलग लिविंग रूम, किंग साइज बेड, एसी, गीजर, टीवी और बाथरूम सहित सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं. सभी कमरों में इंटरकॉम की सुविधा भी दी गई है, जो बजट में ठहरने का बेहतर विकल्प प्रदान करती है. ट्री हाउस की बात करें तो इनमें भी किंग साइज बेड, बाथरूम, एसी, गीजर और बालकनी जैसी सुविधाएं मौजूद हैं. ऊंचाई पर बने ये ट्री हाउस जंगल के बेहद करीब से प्रकृति को देखने का अनुभव देते हैं.
खाने-पीने की भी सुविधा
खाने-पीने की सुविधा के लिए पार्क के अंदर मल्टी कुजिन कैंटीन है, जहां 150 रुपये में प्रति थाली भोजन उपलब्ध कराया जाता है. जंगल के सन्नाटे के बीच स्वादिष्ट भोजन और सुरक्षित ठहराव पर्यटकों के लिए यादगार बन जाता है. इसके अलावा बेतला में बना न्यू टूरिज्म कॉम्प्लेक्स भी पर्यटकों को आकर्षित करता है. यहां 1700 रुपये में डबल बेड रूम और 2500 रुपये में ट्रिपल बेड रूम उपलब्ध हैं.
इस वेबसाइट से करें बुकिंग
पर्यटक इन सभी सुविधाओं की बुकिंग पलामू टाइगर रिजर्व की आधिकारिक वेबसाइट https://www.palamutigerreserve.in के माध्यम से कर सकते हैं. प्राकृतिक सुंदरता, रोमांच और आराम का संगम बेतला नेशनल पार्क को झारखंड का एक प्रमुख पर्यटन केंद्र बनाता है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.