ताबो में सबसे ठंडा, 9 शहरों में पारा माइनस में
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान ताबो में माइनस 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हिमाचल के कुल 9 शहरों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है. इनमें कल्पा, सोलन, मनाली, कुफरी, कुकुमसेरी, नारकंडा, रिकांगपिओ, सेऊबाग और ताबो शामिल हैं. इसके अलावा प्रदेश के 23 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया है.
शीतलहर के बढ़ते असर से अब प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह और शाम के समय ठिठुरन और अधिक बढ़ गई है. राजधानी शिमला सहित कुल्लू-मनाली में दोपहर के समय धूप खिलने से तापमान में हल्की गर्माहट जरूर महसूस की गई, लेकिन कई क्षेत्रों में शीतलहर का असर बना रहा. दिन में थोड़ी राहत के बावजूद सुबह और शाम के समय ठंड का असर लगातार बना हुआ है.
प्रदेश में फिलहाल साफ रहेगा मौसम
बारिश और बर्फबारी की उम्मीदों के बीच मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में आगामी एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है. मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार 13 जनवरी तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा. हालांकि साफ मौसम के चलते शीतलहर का प्रभाव और बढ़ सकता है. मैदानी इलाकों में 11 जनवरी तक देर रात और सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना बनी हुई है.
मौसम विभाग ने 8 जनवरी को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों के कुछ हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा छाने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. साथ ही प्रदेश के एक-दो स्थानों पर शीतलहर चलने की भी संभावना जताई गई है.
तापमान में कब मिलेगा बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद अगले 3 से 4 दिनों में राज्यभर में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं अगले 4 से 5 दिनों में अधिकतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है.
राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सुंदरनगर में 0.7, भुंतर में 0.5, कल्पा में माइनस 5.2, धर्मशाला में 4.8, ऊना में 5.8, नाहन में 5.0, पालमपुर में 2.0, सोलन में माइनस 1.1, मनाली में माइनस 1.4, कुकुमसेरी में माइनस 9.2, नारकंडा में माइनस 2.9, रिकांगपिओ में माइनस 2.0, सेऊबाग में माइनस 0.5 और ताबो में माइनस 9.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.