कोटा के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में देर रात एक बुजुर्ग द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना कृष्णा नगर इलाके की है, जहां 63 वर्षीय व्यक्ति ने अपने ही घर पर फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। जानकारी के अनुसार कृष्णा नगर निवासी पवन कुमार ने देर रात अपने घर की छत पर रेलिंग से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने जब उन्हें लटका देखा तो तुरंत नीचे उतारकर उपचार के लिए एमबीएस हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमबीएस हॉस्पिटल के पोस्टमार्टम रूम में शिफ्ट करवाया। बाद में परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। रेलवे कॉलोनी के एएसआई ब्रजराज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि पवन कुमार पिछले कई वर्षों से अस्थमा बीमारी से पीड़ित थे। वर्ष 2020-21 से उन्हें सांस लेने में दिक्कतें आ रही थीं, जिसके चलते वे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। परिजनों ने यह भी बताया कि पवन कुमार ने वर्ष 2014 में दूसरी शादी की थी और उनके दो बच्चे हैं। पारिवारिक जिम्मेदारियों और स्वास्थ्य समस्याओं के कारण वे तनाव में रहते थे। फिलहाल पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.