Koderma News: केटीपीएस से विशुनपुर ग्रिड के बीच 132 केवी लाइन एवं मुख्य ट्रांसफॉर्मर के मेंटेनेंस कार्य के कारण जिले में बिजली आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित रहेगी. 27 दिसंबर को मरकच्चो, सतगावां, डोमचांच, जयनगर व चलकुशा में सुबह 9 से शाम 7 बजे तक बिजली बंद रहेगी.
एक जानवरी तक विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित
बैठक में डीवीसी ने बताया कि केटीपीएस (कोडरमा ताप विद्युत केंद्र) से विशुनपुर ग्रिड के बीच स्थित 132 केवी विद्युत लाइन के तार बदलने का कार्य 10 दिसंबर 2025 से प्रारंभ किया गया था. जिसे 25 दिसंबर 2025 तक पूर्ण किया जाना निर्धारित था. हालांकि तकनीकी कारणों और कार्य की जटिलता को देखते हुए इस कार्य को अब 28 दिसंबर 2025 तक पूरा किए जाने की योजना है. इस दौरान विद्युत आपूर्ति पर आंशिक प्रभाव पड़ना स्वाभाविक है. इसके साथ ही बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि कोडरमा ताप विद्युत केंद्र के मुख्य ट्रांसफॉर्मर के मेंटेनेंस का कार्य भी जारी है. यह मेंटेनेंस कार्य 01 जनवरी 2026 तक पूर्ण होने की संभावना जताई गई है. मुख्य ट्रांसफॉर्मर के मेंटेनेंस कार्य के चलते पूरे कोडरमा जिले में 28 दिसंबर 2025 से 01 जनवरी 2026 तक विद्युत आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित रह सकती है. प्रशासन एवं विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की गई है.
कोडरमा के साथ हजारीबाग के इलाके भी होंगे प्रभावित
विशेष रूप से 27 दिसंबरशनिवार को जिले के कुछ क्षेत्रों में लंबी अवधि तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी. जिसमें जिले के मरकच्चो, सतगावां, डोमचांच, जयनगर तथा हजारीबाग जिले के चलकुशा प्रखंड में सुबह 09 बजे से शाम 7 बजे तक लगातार विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी. यह कटौती मेंटेनेंस कार्य को सुरक्षित और सुचारू रूप से पूरा करने के लिए आवश्यक बताई गई है. विद्युत विभाग ने आम जनता से अपील की है कि निर्धारित तिथियों और समय को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां पहले से कर लें. घरेलू उपभोक्ताओं, व्यापारियों, औद्योगिक इकाइयों तथा स्वास्थ्य संस्थानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके. यह भी स्पष्ट किया है कि मेंटेनेंस कार्य पूरा होते ही विद्युत आपूर्ति को सामान्य कर दिया जाएगा. यह कार्य भविष्य में बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है. अस्थायी असुविधा के लिए उपभोक्ताओं से धैर्य और सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.