Koderma Couple Death Due To Coal Smoke: कोडरमा के पूरनानगर में एक दंपति की दम घुटने से मौत हो गई. बीरेंद्र शर्मा और कांति देवी की कोयले के चूल्हे से निकली जहरीली गैस ने जान ले ली. आम दिनों में गैस पर खाना बनता था पर कल चूल्हे पर बना.
ठंड से बचाव के लिए कमरे में ले गए थे कोयला वाला चूल्हा
मृतक के पुत्र सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि गुरुवार की देर रात करीब 11.30 बजे घर के सभी सदस्य भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे. आमतौर पर उनके घर में गैस चूल्हे पर ही खाना बनाया जाता है, लेकिन गुरुवार की रात किसी कारणवश कोयले के चूल्हे पर खाना पकाया गया था.
नींद में घुट गया दम
खाना खाने के बाद बीरेंद्र शर्मा और उनकी पत्नी ठंड से बचाव के लिए उसी कोयले के चूल्हे को अपने कमरे में ले गए. इसके बाद दोनों ने कुछ समय तक आग तापी और फिर चूल्हे को कमरे के एक कोने में रख दिया. ठंड अधिक होने के कारण कमरे के दरवाजे और खिड़कियां बंद थीं. इसी दौरान जलते कोयले से निकलने वाली जहरीली गैस कमरे में भर गई, जिससे दोनों की नींद में ही दम घुट गया.
कमरे की सफाई करने पहुंची बहू ने दोनों को अचेत अवस्था में पाया
शुक्रवार की सुबह जब मृतक की बहू कमरे में झाड़ू लगाने पहुंची तो उसने देखा कि सास-ससुर बेड पर अचेत अवस्था में पड़े हुए हैं. उनके नाक से खून निकल रहा था. यह दृश्य देखकर वह घबरा गई और शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे. सभी ने तुरंत दोनों को सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
प्रारंभिक जांच में कोयले के धुएं से दम घुटने से हुई मौत
डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में बताया कि दोनों की मौत कोयले के चूल्हे से निकले धुएं के कारण दम घुटने से हुई है. सूचना मिलने पर कोडरमा थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है. पड़ोसियों ने बताया कि बीरेंद्र शर्मा इलाके में सैलून संचालक के रूप में जाने जाते थे और मिलनसार स्वभाव के थे. एक ही घर में पति-पत्नी की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.