कोडरमा जिले के जयनगर प्रखंड की खरियोडीह पंचायत के गड़ियाई बिरहोर टोला से 10 बच्चे लापता हो गए हैं। इस घटना से क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय मुखिया राजेंद्र यादव ने बताया कि 1 फरवरी की रात बिरहोर टोला के लोग परसाबाद में एक श्राद्ध भोज में शामिल होने गए थे। जब वे वापस लौटे तो बच्चे उनके साथ नहीं थे। परिजनों ने अगले दिन मुखिया को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मुखिया को अपने स्तर पर बच्चों की तलाश करने को कहा मुखिया राजेंद्र यादव ने तत्काल जयनगर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह को घटना की जानकारी दी। शुरुआती तौर पर पुलिस ने मुखिया को अपने स्तर पर बच्चों की तलाश करने को कहा। इसके बाद राजेंद्र यादव ने अपने स्तर पर बच्चों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने इसकी सूचना जयनगर के बीडीओ गौतम कुमार को दी, जिन्होंने आगे वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। सूचना मिलते ही एसपी अनुदीप सिंह ने प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार और चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार को गांव भेजा। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मिलकर घटना की विस्तृत जानकारी ली और आसपास के क्षेत्रों में बच्चों की तलाश शुरू कर दी है। प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार ने बताया कि उन्हें बिरहोर टोला से कुछ बच्चों के लापता होने की सूचना मिली है। परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि बच्चे 1 फरवरी को परसाबाद में श्राद्ध भोज खाने गए थे और वापसी के दौरान लापता हो गए।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.