खैरथल-तिजारा अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला सचिवालय खैरथल-तिजारा में नार्को कोऑर्डिनेशन केंद्र की जिला स्तरीय कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी, ट्रामाडोल और कोडिन आधारित खांसी की दवाइयों की अवैध बिक्री, भांग के वैध ठेकों पर संचालित अवैध गतिविधियों की रोकथाम पर चर्चा हुई। इसके अलावा, पुलिस विभाग और अन्य विभागों द्वारा अब तक की गई कार्रवाई, एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों और दवाइयों के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूकता सहित विभिन्न बिंदुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान की दी जानकारी अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने पुलिस विभाग को नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। खैरथल पुलिस ने 1 जनवरी 2026 से 25 फरवरी तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 17 मामले दर्ज कर 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 57 लीटर हथकढ़ शराब जब्त की। आबकारी विभाग ने 1 अप्रैल 2025 से 15 फरवरी 2026 तक 135 प्रकरण दर्ज किए। गत माह विभाग ने 27,000 लीटर वॉश नष्ट की, 85 लीटर हथकढ़ शराब जब्त की और 65 भट्टियों को ध्वस्त किया। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को कोरेक्स कफ सिरप की अवैध बिक्री पर मेडिकल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिले में ड्रग की समस्या से निपटने के लिए युवाओं और महिलाओं की भागीदारी के साथ जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों को स्कूलों में कार्यशालाएं आयोजित कर छात्र-छात्राओं को जागरूक करने को कहा गया। बैठक में ये रहे मौजूद इस बैठक में डिप्टी एसपी तिजारा शिवराज, समाज कल्याण अधिकारी रमेश दहमीवाल, खनिज अभियंता मनोज कुमार, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रक लेखराज अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी शकुंतला मीणा, सहायक आबकारी अधिकारी कुलभूषण मिश्रा सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.