खगड़िया पुलिस ने पसराहा थाना क्षेत्र में प्रखंड कर्मचारी से हुई लूट की घटना का खुलासा कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। लूटा गया सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह घटना 25 अक्टूबर 2025 की रात करीब 9 बजे हुई थी। वादी विजय कुमार गुप्ता (निवासी चौहदी, नारायणपुर, भागलपुर) समस्तीपुर से नारायणपुर जा रहे थे, तभी पसराहा थाना क्षेत्र के डोयटा गांव के पास मोटरसाइकिल सवार तीन अपराधियों ने उन्हें रोका। मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल के कागजात लूट लिए
अपराधियों ने चाकू और पिस्टल के बल पर उनसे 11,075 रुपये नकद, एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल के कागजात लूट लिए थे। इस संबंध में पसराहा थाना में कांड संख्या 232/25, दिनांक 29.10.2025, धारा 309(4) बीएनएस 2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (गोगरी) साक्षी कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। लूटकांड में शामिल तीनों अभियुक्त गिरफ्तार
तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर पसराहा थाना पुलिस ने छापेमारी कर लूटकांड में शामिल तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान संजय कुमार (लगभग 32 वर्ष, निवासी लक्ष्मीपुर, गोगरी), मनोज कुमार (लगभग 22 वर्ष, निवासी बरहारा, गोगरी) और गुंजेश कुमार (लगभग 20 वर्ष, निवासी बरहारा, गोगरी) के रूप में हुई है। पुलिस ने लूटा गया सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त गुंजेश कुमार के विरुद्ध महेशखूंट और गोगरी थाना में पहले से कई लूट के मामले दर्ज हैं। मनोज कुमार भी महेशखूंट थाना कांड संख्या 195/24 में नामजद रहा है। छापेमारी दल में पसराहा थाना के पु०अ०नि० सह थानाध्यक्ष नवीन कुमार, पु०अ०नि० रिंशु कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस कप्तान राकेश कुमार ने कहा कि खगड़िया पुलिस अपराध नियंत्रण को लेकर पूरी तरह सतर्क है और आम जनता की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें। खगड़िया पुलिस जन-जन की सेवा में सदैव तत्पर है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.