करनाल में शहर के कर्ण गेट क्षेत्र में देर रात चिकन खाने के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब के नशे में आए युवकों ने पहले कहासुनी की और फिर तलवार व चाकुओं से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका जीजा जान बचाकर
कर्ण पार्क की दीवार के पास हुआ हमला गली नंबर-2 राम देव कॉलोनी निवासी कुनाल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह कर्ण गेट करनाल पर आर्टिफिशियल ज्वैलर्स की दुकान चलाता है। रात करीब 9 बजकर 20 मिनट पर वह मान पेट्रोल पंप के सामने कर्ण पार्क की दीवार के साथ पहुंचा था। वहां उसका जीजा मंगल कॉलोनी पार्ट-2 निवासी ऋषि पुत्र सुशील चिकन कार्नर की रेहड़ी लगाता है।
पैसे न होने पर हुआ विवाद कुनाल के अनुसार, उसके जीजा की रेहड़ी पर एक युवक आया और चिकन खाया। खाने के बाद उसने कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं। उस समय कुनाल के साथ उसका बड़ा भाई राहुल भी मौजूद था। कुनाल ने युवक से कहा कि बाद में पैसे दे देना, कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं करना। युवक शराब के नशे में था और इसी बात को लेकर माहौल बिगड़ गया।
बाइक पर आए दो युवक, तलवार और चाकू से हमला इतनी देर में कर्ण पार्क की तरफ से बाइक पर दो युवक वहां पहुंचे। एक युवक के हाथ में तलवार और दूसरे के हाथ में चाकू था। तीनों ने मिलकर अचानक हमला कर दिया। तलवार से उल्टा वार कर ऋषि की कमर पर चोट मारी गई, जबकि कुनाल की बाईं कमर और जांघ में चाकू से वार किए गए। लगातार हमले में कुनाल नीचे गिर गया।
जीजा जान बचाकर भागा, कुनाल गंभीर रूप से घायल हमले के दौरान ऋषि किसी तरह जान बचाकर मान पेट्रोल पंप की ओर भाग गया। वहीं कुनाल खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिरा रहा। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से तलवार और चाकुओं से वार किए।
करनाल सिविल लाइन थाना की फोटो।
प्रवीन काछवा की पहचान, बाइक नंबर भी बताया कुनाल ने अपने बयान में बताया कि चाकू लिए हुए युवक का नाम काछवा निवासी प्रवीन है, जो मौके पर मोटरसाइकिल लेकर आया था। उस मोटरसाइकिल का नंबर भी उसने पुलिस को बताया है। बाकी दो हमलावरों के बारे में कुनाल ने कहा कि सामने आने पर वह उन्हें पहचान सकता है।
भाई राहुल ने पहुंचाया अस्पताल घटना के बाद कुनाल के भाई राहुल उसे तुरंत सामान्य अस्पताल करनाल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस अस्पताल पहुंची, बयान दर्ज घटना की सूचना मिलने पर ऋषि स्वयं थाना सिविल लाइन पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसका साला कुनाल झगड़े में घायल होकर अस्पताल में भर्ती है। इसके बाद पुलिस टीम कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज पहुंची। डॉक्टरों से राय लेने के बाद कुनाल को बयान देने के लिए फिट पाया गया। कुनाल ने अपना लिखित बयान और मेडिकल रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी।
जांच के लिए पुलिस रवाना घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके का मुआयना भी किया और शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि नामजद आरोपी प्रवीन काछवा और उसके साथियों की तलाश की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अन्य आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द काबू कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.