करनाल में खाटू श्याम मंदिर के नजदीक रिहायशी इलाके में बने एक गोदाम में सोमवार देर रात को अचानक भीषण आग लग गई। गोदाम में केरी बैग बनाने का काम होता था और अंदर भारी मात्रा में केरी बैग, प्लास्टिक का सामान रखा हुआ था। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। आग की लपटें काफी ऊंची उठती रहीं और पूरे इलाके में काला धुआं फैल गया। आधे घंटे तक एक ही फायर ब्रिगेड, लोगों में बढ़ी चिंता
स्थानीय निवासी विनोद, अंकुश, नरेंद्र व अन्य का कहना है कि आग लगने के करीब आधे घंटे बाद तक मौके पर सिर्फ एक ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची थी। केरी बैग और प्लास्टिक के कारण आग तेजी से फैलती रही, जिससे आसपास के मकानों पर भी खतरा मंडराने लगा। रिहायशी इलाके में फैक्ट्री होने के कारण लोग अपने परिवारों को लेकर डरे हुए नजर आए। रिहायशी क्षेत्र में गोदाम पर उठे सवाल
स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह गोदाम रिहायशी इलाके में बना हुआ है। यहां पहले भी इस तरह के खतरे की आशंका जताई जाती रही है। लोगों का कहना है कि ऐसे इलाके में फैक्ट्री नहीं होनी चाहिए, क्योंकि आग या हादसे की स्थिति में आसपास के घरों को बड़ा नुकसान हो सकता है। लाइट फ्लेक्चुएशन के बाद लगी आग
गोदाम के मालिक ने बताया कि घटना के समय वे सभी घर के अंदर थे। अचानक लाइट फ्लेक्चुएशन हुई, जब गोदाम की तरफ देखा तो वहां आग लगी हुई थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आगजनी में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच में जुटी, नुकसान लाखों में
पुलिस का कहना है कि गोदाम में आग लगने की सूचना मिलने पर तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। बाद में कई गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग किन कारणों से लगी, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.