करौली कोतवाली में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था तथा आपसी भाईचारे पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में सीएलजी सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। बैठक में विशेष रूप से आगामी होली, रमजान और ईद के मद्देनजर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया। इस दौरान सीएलजी सदस्यों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उठाया। उन्होंने कुछ पुलिसकर्मियों के व्यवहार पर भी सवाल खड़े करते हुए आमजन के साथ सम्मानजनक व्यवहार की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने सभी शिकायतों के त्वरित और उचित समाधान का आश्वासन दिया।
करौली डीएसपी अनुज शुभम ने बैठक को संबोधित करते हुए सभी से शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि होली के साथ रमजान का पवित्र माह चल रहा है और जल्द ही ईद का त्योहार भी आएगा, ऐसे में आपसी भाईचारा बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी है। डीएसपी ने क्षेत्रवासियों से नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी कहा कि सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए, ताकि समय पर कार्रवाई हो सके। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.