कपूरथला में एक ट्रैवल एजेंट ने अपने ही साढू के साथ 47.65 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है। आरोपी ने पीड़ित को अमेरिका भेजने का झांसा देकर मेक्सिको भेज दिया, जहां उसे अमेरिकी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
सात महीने जेल में रहने के बाद पीड़ित को भारत डिपोर्ट कर दिया गया। इस मामले में थाना सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने दो ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमेरिका भेजने के नाम पर ठगी
एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा को दी शिकायत में गांव जैनपुर के रहने वाले जगतार सिंह ने बताया कि उसका रिश्तेदार और साढू जोगा सिंह, जो गांव मसीतां गांव के रहने वाले है, विदेश भेजने का काम करता है। जोगा सिंह ने उसे सीधी फ्लाइट से अमेरिका भेजने का वादा किया था।
50 लाख रुपए में हुई बात
जुलाई 2024 में दोनों के बीच 50 लाख रुपए में बात तय हुई, जिसमें वीजा लगने के बाद पैसे देने की शर्त रखी गई थी। जोगा सिंह ने जगतार सिंह का पासपोर्ट ले लिया।कुछ दिनों बाद जोगा सिंह ने जगतार सिंह को वीजा की कॉपी दिखाई। इसके बाद 5 सितंबर 2024 से अलग-अलग तारीखों में जगतार सिंह ने जोगा सिंह और जालंधर के रहने वाले जगजीत सिंह भुल्लर को कुल 47.65 लाख रुपए दिए।
दिल्ली से फ्रांस के लिए करवा दी फ्लाइट
रकम मिलने के बाद 12 सितंबर 2024 को जोगा सिंह ने जगतार सिंह की दिल्ली से फ्रांस के लिए फ्लाइट करवा दी।फ्रांस से जगतार सिंह को स्पेन और फिर स्पेन से अल सल्वाडोर भेजा गया। अल सल्वाडोर पहुंचने पर जोगा सिंह ने उससे 1000 डॉलर और लिए। इसके बाद उसे एक गाड़ी में बिठाकर ग्वाटेमाला शहर के बाहर छोड़ दिया गया।
जंगल में भटकता रहा पीड़ित
वहां पहले से मौजूद एक व्यक्ति ने उसे तीन घंटे पैदल चलवाया और फिर एक बड़ी गाड़ी में बैठाया, जिसमें पहले से 60-70 लोग मौजूद थे। गाड़ी ड्राइवर ने उन सभी को जंगल में छोड़ दिया, जहां जगतार सिंह करीब 15 दिन भटकता रहा। इस दौरान उसे एहसास हुआ कि उसका साढू जोगा सिंह उसे गलत तरीके से अमेरिका भेज रहा है।
7 महीने जेल में रहा
जंगल में भटकने के बाद अमेरिकी पुलिस ने उसे पकड़ लिया और जेल में डाल दिया। सात महीने जेल में बिताने के बाद उसे भारत डिपोर्ट कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में जोगा सिंह और जगजीत सिंह भुल्लर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और आगे की जांच जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.