पंजाब के कपूरथला में चोरों ने एक खाली घर से लाखों रुपए के गहने और नकदी चोरी होने की घटना सामने आई है। यह घटना तब हुई जब महिला अपने मायके गई हुई थी। हालांकि, घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में चोर की गतिविधि कैद हो गई।
घटना फगवाड़ा सब-डिवीजन में नारंगशाहपुर हदियाबाद में एक महिला के घर में हुई। सूचना पर थाना सतनामपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवक की पहचान कर ली गई और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
चोरी के बाद घर में बिखरा सामान
पड़ोसी ने दी सूचना तो पहली पहुंची घर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नारंगशाहपुर हदियाबाद निवासी पीड़ित महिला कुलविंदर कौर ने बताया कि 3 दिसंबर की शाम को वह अपने घर को ताला लगाकर नवांशहर स्थित अपने मायके गई थी। अगले दिन सुबह उसकी पड़ोसी रिश्तेदार महिला ने फोन कर बताया कि उनके घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और घर की लाइट भी जल रही है।
इसके बाद कुलविंदर कौर अपने घर नारंगशाहपुर पहुंची और देखा कि घर के अंदर लोहे के दरवाजे का ताला टूटा था। कमरे में पड़ी अलमारी खुली थी और सारा सामान बिखरा हुआ था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि अलमारी में रखे एक जोड़ा सोने की बड़ी वालियां, एक जोड़ा सोने की छोटी वालियां, दो सोने के टॉप्स, दो चांदी के कड़े, एक जोड़ा चांदी की झांझर और 5000 रुपए की नकदी गायब थी।

सीसीटीवी कैद आरोपी
चोर की हुई पहचान, पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटनास्थल के नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरे चेक करने पर चोर की पहचान संदीप कुमार उर्फ पीयूष, निवासी नई आबादी नारंगशाहपुर, के रूप में हुई। थाना सतनामपुरा पुलिस ने पीड़ित महिला के बयान पर चोर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.