पंचायती जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को ढहा दिया गया।
पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ मुहिम के तहत सुल्तानपुर लोधी के गांव सेचा में पंचायती जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को ढहा दिया गया है। यह कार्रवाई नशा तस्कर गुरभेज सिंह उर्फ भेजा के खिलाफ की गई है।
सिविल और पुलिस प्रशासन ने बीडीपीओ सुल्तानपुर लोधी के आदेशों पर यह कार्रवाई की। गांव पंचायत ने अपने स्तर पर प्रस्ताव पारित कर इस अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
एसएसपी गौरव तूरा।
तस्कर पर 9 मामले दर्ज
एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि गुरभेज सिंह उर्फ भेजा पुत्र जरनैल सिंह के खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 9 मामले दर्ज हैं। इनमें से 7 मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत और 2 मामले लड़ाई-झगड़े से संबंधित हैं।
बीडीपीओ सुल्तानपुर लोधी द्वारा जारी आदेशों में बताया गया था कि गुरभेज सिंह उर्फ भेजा समाज विरोधी गतिविधियों में शामिल था और उसने पंचायती जमीन पर अवैध रूप से घर बनाया हुआ था। इसी आधार पर प्रशासन ने यह कार्रवाई की।

एसएसपी गौरव तूरा ने गांव वासियों से अपील की कि वे नशा तस्करी को खत्म करने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी नशा पीड़ित के बारे में जानकारी मिलती है, तो उसे नशा मुक्ति केंद्र में इलाज करवाकर समाज की मुख्य धारा में लाया जाए।
एसएसपी तूरा ने स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार के सख्त निर्देशों के तहत जिला पुलिस नशा तस्करी पर नकेल कसने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.